बीएसएफ जवानों ने भी बच्चों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रक्षा बंधन के पावन अवसर पर पुष्करलाल केड़िया स्काउट्स एवं गाइड्स समूह ने शुक्रवार को बीएसएफ 77वीं बटालियन के जवानों के साथ एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। यह आयोजन टैगोर विला, आलमबाज़ार स्थित 77वीं बटालियन मुख्यालय में सुबह 10 बजे से शुरू हुआ, जिसमें देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान एवं स्नेह व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में सेकंड-इन-कमांड श्री प्रवीन कुमार डबराल, डीसी श्री चंद्र भूषण प्रसाद, डीसी श्री प्रदीप कुमार तथा सीएमओ डॉ. कदंबिनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सभी अतिथियों का स्वागत स्कार्फ और मोमेंटो भेंट कर किया गया।
गाइड सोनी गुप्ता ने स्वागत भाषण में कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अवसर केवल रक्षा सूत्र बांधने का नहीं, बल्कि जवानों के त्याग और सेवा के प्रति आभार प्रकट करने का भी है। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन करते हुए श्री प्रवीन कुमार डबराल ने बच्चों को नैतिक मूल्यों, अनुशासन और देशभक्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में सेवा और समर्पण की भावना को जगाना ही ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम के दौरान राजेश तिवारी, कुमकुम सिंह और कोमल तिवारी ने अतिथियों को स्कार्फ पहनाकर और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। वहीं, स्काउट्स और गाइड्स की बच्चियों ने सभी बीएसएफ जवानों की आरती उतारी, राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाकर अपना स्नेह जताया।
कार्यक्रम का संचालन गणेश सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में किशन झा, तृपुरारी झा, चाँदनी मिश्रा, आशीष गोंड, जितेंद्र यादव, हर्षित शुक्ल और सत्यम प्रजापति का योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा। इस अवसर पर बीएसएफ जवानों ने भी बच्चों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति गीतों और सामूहिक फोटोग्राफी के साथ हुआ।
